माले। मालदीव में चल रहे राजनीतिक संकट के खत्म होने के फिलहाल कोई आसार नजर नहीं आ रहे। शनिवार को मतदान से थोड़ा पहले ही पुलिस द्वारा चुनाव आयोग को रोके जाने के बाद रविवार को राष्ट्रपति पद की दौड़ में सबसे आगे चल रहे मुहम्मद नशीद ने अपने समर्थकों से वर्तमान सरकार की खिलाफत करने का आह्वान किया है।
मुहम्मद नशीद ने मांग की है कि राष्ट्रपति मुहम्मद वहीद इस्तीफा दें और कार्यवाहक सरकार नया चुनाव कराए। मालदीव में राष्ट्रपति पद के लिए मतदान की अंतिम तारीख 11 नवंबर है। मालदीवियन डेमोकेटिक पार्टी [एमडीपी] के नेता नशीद [46] ने कहा कि सात सितंबर को हुए प्रथम चरण के चुनाव के बाद हमारे प्रतिद्वंद्वियों, खासतौर पर राष्ट्रपति वहीद को यह साफ पता चल गया होगा कि देश की जनता उन्हें बिल्कुल भी पसंद नहीं करती। उन्हें बमुश्किल पांच फीसद वोट मिले थे।
मीनीवेन न्यूज ने नशीद के हवाले से बताया कि अब हमें लगता है कि वहीद के राष्ट्रपति मुहम्मद नजीम के रक्षा मंत्री और अब्दुल्ला रियाज के पुलिस आयुक्त रहते चुनाव होना नामुमकिन है। यह पूछे जाने पर कि वहीद के इस्तीफे के बिना क्या एमडीपी चुनाव में भाग लेगी, नशीद ने कहा कि यदि वह ऐसा नहीं करते हैं तो आप आश्वस्त रहिए कि चुनाव नहीं होगा। सरकार चुनाव आयोग पर दबाव डाल रही है कि वह चुनाव की नई तिथि 26 नबंबर निर्धारित करे। हालांकि, चुनाव आयोग के प्रमुख फवाद तौफीक ने कहा कि ईद की छुट्टियों के बाद घर लौट रहे हजारों मतदाताओं को फिर से पंजीकृत करने में कम से कम 21 दिनों का वक्त लगेगा। तौफीक ने 9 नबंबर की संभावित तिथि का संकेत दिया जो वहीद के कार्यकाल के समाप्त होने से सिर्फ दो दिन पहले है।
नशीद ने आरोप लगाया कि सरकार जानबूझकर चुनाव को टाल रही है। सरकार संवैधानिक संकट खड़ा कर रही है। वे सत्ता पर लंबे समय तक काबिज रहना चाहते हैं। इसके लिए सेना के इस्तेमाल में भी उन्हें गुरेज नहीं होगा। इसलिए वहीद को इस्तीफा देना चाहिए और संसद के स्पीकर चुनाव करवाएं। उन्होंने समर्थकों से कहा कि वहीद जिस तरह के अपराध कर रहे हैं उन्हें पकड़कर जेल में डाल देना चाहिए।
Source: News in Hindi
0 comments:
Post a Comment