A Hindi News Portal!

Showing posts with label New Delhi Hindi News. Show all posts
Showing posts with label New Delhi Hindi News. Show all posts

Tuesday, August 20, 2013

India Sends Super Hercules Aircraft to Ladakh


India-China Border

नई दिल्ली [जागरण संवाददाता]। चीन सीमा पर अपनी ताकत का सुबूत देते हुए भारत ने अपने विशाल मालवाहक विमान सी-130जे सुपर हरक्युलिस को वास्तविक नियंत्रण रेखा स्थित अग्रिम हवाई पंट्टी पर उतारा है। यह पहला मौका है जब दौलत बेग ओल्डी के एडवांस्ड लैंडिंग ग्राउंड पर वायुसेना ने सी-130जे जैसे विशाल विमान को उतारा है।

दौलत बेग ओल्डी को दुनिया की सबसे ऊंची हवाई पंट्टी माना जाता है। इस कामयाबी के बाद किसी भी आपात स्थिति में बेहद कम समय में भारत सैन्य साजो-सामान और रसद अग्रिम मोर्चे पर पहुंचा सकता है।

महत्वपूर्ण है कि लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा के करीब स्थिति दौलत बेग ओल्डी का निर्माण भारत ने चीन के साथ 1962 में हुए युद्ध के दौरान किया था। सरहदी इलाके में भारत के अग्रिम ठिकानों में एक इस हवाई पंट्टी से कुछ दूर दिपसांग का इलाका है जहां बीते अप्रैल में चीनी सैनिकों ने तंबू गाड़ लिए थे।

वायुसेना मुख्यालय के मुताबिक मंगलवार तड़के गाजियाबाद के निकट हिंडन वायुसेना बेस से रवाना हुआ सी-130जे विमान 16614 फीट की ऊंचाई पर स्थित हवाई पंट्टी पर 6:54 मिनट पर उतरा। अक्साई चिन इलाके की इस हवाई पंट्टी पर करीब डेढ़ घंटे की उड़ान के बाद सी-130जे स्क्वाड्रन के कमांडिंग अधिकारी ग्रुप कैप्टन तेजबीर सिंह एवं वायुसेना मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ पहुंचे विमान ने सफलतापूर्वक जमीन को छुआ।

सी-130 जे की यह लैंडिंग दुनिया में अपनी किस्म का एक रिकॉर्ड भी है क्योंकि इसे पहली बार पांच हजार मीटर से अधिक ऊंचाई पर उतारा गया। इस तरह का प्रयोग सी-130जे विमान को बनाने वाले और सबसे पहले इस्तेमाल करने वाले अमेरिका ने भी कभी नहीं किया। 

बताते चलें कि भारतीय सेना 1962 से 65 तक इस लैंडिंग ग्राउंड का इस्तेमाल करती रहीं। हालांकि, बाद में यह हवाई पंट्टी काफी समय तक बेकार रही। सीमा पार चीन की ओर से तेज रफ्तार सैन्य ढांचागत निर्माण के मद्देनजर कुछ साल पहले भारत ने एक बार फिर डीबीओ लैंडिंग ग्राउंड को सक्रिय किया। साथ ही बड़े विमानों के इस्तेमाल के लिए इसे तैयार करने के बाद मई 2008 में वायुसेना ने मालवाहक एएन-32 विमान को उतारा। 

वायुसेना के अनुसार हेलीकॉप्टरों और एएन-32 विमान की सीमित क्षमताओं के चलते वायुसेना मुख्यालय में फैसला लिया गया कि डीबीओ को सी-130जे विशाल विमानों के लिए भी तैयार किया जाए जो 20 टन तक भार ढो सकते हैं।

वायुसेना प्रवक्ता विंग कमांडर जिरार्ड गल्वे के मुताबिक सी-130जे की कामयाब लैंडिंग के बाद उस इलाके में मोर्चे पर तैनात सैन्य बलों की जरूरतों को कम समय और अधिक क्षमता के साथ पूरा किया जा सकेगा। ध्यान रहे कि बेहद दुर्गम और ऊंचाई पर स्थिति सीमांत इलाकों में सैन्य बल रसद के लिए हवाई मदद पर ही निर्भर होते हैं।

Original Found Here.. http://www.jagran.com/news/national-india-sends-super-hercules-aircraft-to-ladakh-10658927.html

Tag: Super Hercules Aircraft to Ladakh, Hindi News, News in Hindi, News

Monday, August 19, 2013

Militannts Are Training to Hindu Habitude in Pakistan


Militannts

नई दिल्ली [जागरण संवाददाता]। पाकिस्तान में चल रहे आतंकी शिविरों में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे युवाओं को हिंदू रीति-रिवाज से भी परिचय कराया जा रहा है। आइएसआइ इन्हें बाकायदा भारतीय लहजे में बातचीत और आसानी से लोगों में घुल-मिल जाने की कला भी सिखा रही है। इसके अलावा 26/11 जैसे किसी बड़े हमले के लिए आतंकियों के हिंदू नाम रखने की कोशिश भी होती है। आइएसआइ की सलाह पर इंडियन मुजाहिदीन [आइएम] ने भी यह तरीका अपनाया है। इसके पीछे सोच है कि वे भारतीय समाज में आसानी से घुलमिल जाएंगे। वहीं कोई आतंकी किसी हमले में मारा जाए तो अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर उसे भारत का अंदरूनी मसला करार दिया जाए। जांच एजेंसियों ने लश्कर आतंकी टुंडा से इस बाबत कई जानकारियां प्राप्त की हैं। 

लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी शिविरों में सर्वाधिक नवयुवक पाकिस्तान में पंजाब प्रांत से आते हैं। टुंडा ने बताया कि मदरसों में बचपन से ही इन युवकों के दिल-ओ-दिमाग में जेहाद का मुलम्मा इस कदर चढ़ाया जाता है कि वे इस्लाम के नाम पर कुछ भी कर गुजरने को तैयार हो जाते हैं। इन्हें दिहाड़ी मजदूर से भी कम मजदूरी मिलती है। उन्हें रहने-खाने की सुविधा के साथ अधिकतम चार हजार रुपये तक दिए जाते हैं। 

पाकिस्तान के मुजफ्फराबाद, लाहौर, पेशावर, इस्लामाबाद, रावलपिंडी, कराची, मुल्तान, सियालकोट और गुंजरावाला समेत कई शहरों में लश्कर व जमात-उद-दावा के दफ्तर हैं। यहां पर आतंकी बनाने के लिए नवयुवकों की भर्ती का काम भी होता है। जेहाद के लिए काम करने वाले युवा विभिन्न मदरसों तथा ग्रामीण इलाकों से यहां पहुंचते हैं। भर्ती लेने से पूर्व युवकों की पृष्ठभूमि का पता लगाया जाता है।

टुंडा लश्कर के प्रशिक्षिण शिविरों के विषय में भी विस्तार से जानकारी दे रहा है। उसने बताया कि पंजाब प्रांत के मुरीदके में लश्कर मुख्यालय में कई बार वह लश्कर चीफ हाफिज सईद व लश्कर कमांडर जकी-उर-रहमान लखवी से मिला है। कई बार उसने प्रशिक्षण शिविर में आतंकियों के समक्ष जेहादी भाषण भी दिए। नए भर्ती होने वाले युवाओं का हृदय परिवर्तन करने के लिए उलेमाओं की मदद से 42 दिन का 'बैत-उर-रिजवान' कोर्स चलाया जाता है। इसमें जेहादी विचारक भाग लेते हैं। इसके बाद हथियारों का प्रशिक्षण देने के लिए तीन माह का 'दौरा ए आम' तथा विस्फोट करने, हमला करने या फिदायीन हमले में विशेषता हासिल करने के लिए 21 दिन का 'दौरा-ए-खास' कोर्स कराया जाता है। 

Original Found Here.. http://www.jagran.com/news/national-militannts-are-training-to-hindu-habitude-in-pakistan-10658534.html

Tag: Hindu Habitude in Pakistan, Hindi News, News in Hindi, News

Sunday, August 18, 2013

Delhi Metro to Induct First 8-Coach Train on Blue Line


Delhi Metro

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। मेट्रो की ब्लू लाइन पर यात्रियों की सुविधा के लिए सोमवार से आठ कोच वाली मेट्रो ट्रेन चलाई जाएगी। साथ ही, रक्षाबंधन की पूर्व संध्या व रक्षाबंधन वाले दिन भीड़ को ध्यान में रखते हुए 19 व 20 अगस्त को मेट्रो ट्रेन के फेरे बढ़ाने की भी घोषणा की गई है।

दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) के अनुसार ब्लू लाइन द्वारका सेक्टर-21 से नोएडा सिटी सेंटर/वैशाली के बीच ट्रेन में यात्रियों की भारी भीड़ होती है। इसलिए इस रूट पर आठ कोच वाली कुल 31 ट्रेनें चरणबद्ध तरीके से चलाने की घोषणा की गई है। इसमें पहली आठ कोच वाली ट्रेन 19 अगस्त से चलने लगेगी। सोमवार सुबह आठ बजे द्वारका मेट्रो स्टेशन से यह ट्रेन नोएडा सिटी सेंटर के लिए रवाना होगी।

पिछले वर्षो में रक्षाबंधन व उसके एक दिन पहले मेट्रो में होने वाली भीड़ को देखते हुए 19 व 20 अगस्त को ऑफ पीक ऑवर में भी मेट्रो ट्रेनों की फ्रिक्वेंसी कम नहीं की जाएगी। अमूमन सुबह साढ़े ग्यारह से शाम साढ़े चार बजे तक की अवधि में भीड़ कम होती है। इस वजह से इस दौरान मेट्रो ट्रेनों की फ्रिक्वेंसी कम कर दी जाती है, लेकिन अगले दो दिनों तक ऐसा नहीं किया जाएगा। इस दौरान ट्रेनें करीब तीन सौ अतिरिक्त फेरे लगाएंगी।

यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रमुख मेट्रो स्टेशनों पर 93 गार्ड व कस्टमर फेसिलिटेशन एजेंट (सीएफए) तैनात किए जाएंगे। दिलशाद गार्डन, शाहदरा, वेलकम, सीलमपुर, शास्त्री पार्क, पीतमपुरा, रोहिणी ईस्ट, रोहिणी वेस्ट, रिठाला, जहांगीर पुरी, आदर्श नगर, जीटीबी नगर, यमुना बैंक, उत्तम नगर ईस्ट, नवादा, नोएडा सिटी सेंटर, बॉटनिकल गार्डन, नोएडा सेक्टर 18, एमजी रोड, हुडा सिटी सेंटर, सरिता विहार, लाजपत नगर, बदरपुर, पीरागढ़ी, नांगलोई, मुंडका आदि स्टेशनों पर अतिरिक्त सीएफए तैनात रहेंगे। इसी तरह से 75 स्टेशनों पर 123 मेट्रो टिकटिंग स्टाफ की तैनाती होगी।

डीएमआरसी के अनुसार, पिछले वर्ष रक्षाबंधन के दिन 20 लाख तथा उसके एक दिन पहले 22 लाख यात्रियों ने मेट्रो से यात्रा की थी। वहीं इस वर्ष 8 अगस्त को एक दिन में मेट्रो से यात्रा करने वाले यात्रियों की संख्या 25 लाख तक पहुंच गई है। इसलिए भीड़ को नियंत्रित करने में किसी तरह की परेशानी नहीं होगी।

Original Found Here.. http://www.jagran.com/news/national-delhi-metro-to-induct-first-8coach-train-on-blue-line-10655880.html

Tag: Delhi Metro, 8-Coach Train, Delhi News in Hindi, Hindi News, News in Hindi, News

Wednesday, August 14, 2013

After Sachin Now Kallis Also Might Take ODI Retirement


Jaques Kallis

नई दिल्ली। हाल ही में जब अचानक सचिन तेंदुलकर ने वनडे क्रिकेट से संन्यास लिया था तो भारतीय क्रिकेट के साथ-साथ विश्व क्रिकेट को भी करारा झटका लगा था। अब ऐसा ही झटका जल्द दक्षिण अफ्रीका को भी लग सकता है क्योंकि खबरों के मुताबिक उनका सबसे अनुभवी खिलाड़ी और धमाकेदार ऑलराउंडर जैक्स कालिस भी वनडे से संन्यास लेने की कगार पर हैं।

दरअसल, कालिस ने पिछले 18 महीनों से वनडे क्रिकेट में हिस्सा नहीं लिया है। पूर्व कोच गैरी कर्सटन ने अपने कोच के तौर पर कार्यकाल के दौरान जब यह कहा था कि कालिस को अब छोटे फॉर्मेट की चिंता छोड़ देनी चाहिए क्योंकि वह दक्षिण अफ्रीकी टेस्ट टीम के लिए बहुत माएने रखते हैं। तभी से कालिस ने वनडे टीम से मुंह मोड़ लिया था, हालांकि कर्सटन ने कालिस के लिए बड़े वनडे टूर्नामेंटों के दरवाजे खुले रखे थे लेकिन नए कोच रसेल डॉमिंगो इस आइडिए से इत्तेफाक नहीं रखते। खबरों के मुताबिक डॉमिंगो ने कहा है कि, 'अगर जैक्स को 2015 विश्व कप में खेलना है तो उन्हें कुछ वनडे मैच इस दौरान खेलने होंगे। अगर ऐसा नहीं होता है तो यह बाकी खिलाड़ियों के साथ न्याय नहीं होगा।'

खबरों के मुताबिक डॉमिंगो मौजूदा टीम के साथ ही 2015 विश्व कप की रणनीति बनाने में जुटे हैं और फिलहाल इस रणनीति में कालिस कहीं फिट नहीं हो रहे क्योंकि वह इस प्रारूप में पूरी तरह से एक्टिव नहीं हैं। डॉमिंगो ने यह भी साफ संकेत दे दिया कि वह ज्यादा दिनों तक कालिस का इंतजार भी नहीं करेंगे क्योंकि उन्हें अपने प्लान और ट्रेनिंग को आगे बढ़ाना होगा। उधर, दूसरी तरफ खबर है कि जैक्स कालिस भी अब वनडे खेलने के मूड में नहीं हैं। उनके दौर के अन्य दिग्गज सचिन तेंदुलकर और रिकी पोंटिंग के वनडे से संन्यास लेने के बाद अब इस ऑलराउंडर में भी वनडे को हमेशा के लिए अलविदा कहने की हिम्मत जाग उठी है और मुमकिन है कि जल्द ही वह इससे जुड़ी घोषणा कर भी दें। कालिस इस समय वनडे क्रिकेट में रन बनाने के मामले में छठे स्थान पर हैं, जबकि टॉप-5 में मौजूद चार दिग्गज (सचिन, पोंटिंग, जयसूर्या और इंजमाम उल हक) पहले ही इस प्रारूप से संन्यास ले चुके हैं। 

कालिस का वनडे करियर:
मैच, रन, शतक, औसत
321, 11498, 17, 45.26

Original Found Here... http://www.jagran.com/cricket/headlines-after-sachin-now-kallis-also-might-take-odi-retirement-10646338.html

Irani Lady Creates Story of Snatching Infront Her Husband


New delhi

नई दिल्ली। मॉल में शापिंग के लिए गई एक ईरानी महिला सनम पर्स भूल गई। इस पर पति की डांट के डर से उसने लूट की झूठी कहानी रची। उसने खुद को पहले चोट पहुंचाई और फिर वह अस्पताल में जाकर भर्ती हो गई। जांच के दौरान अमर कॉलोनी पुलिस ने पुलिस ने लूट की फर्जी कहानी का खुलासा किया। फिलहाल, अमर कालोनी की पुलिस ने महिला के खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार सोमवार को ईरानी मूल की महिला सनम ने पति को बताया कि वह लाजपतनगर शापिंग करने गई थी, जहां से उसने जामियानगर जाने के लिए ऑटो पकड़ा। रास्ते में ऑटो चालक व उसके साथी ने उससे लूटपाट की। विरोध करने पर उसके सिर पर रॉड भी मारी। उसने खुद फोर्टिस अस्पताल पहुंचकर इलाज कराया। पत्नी के साथ लूट की जानकारी होने पर पति ने तत्काल अमर कालोनी थाने फोन कर दिया।

पुलिस ने उसके लाजपतनगर मार्केट जाने के झूठ को पकड़ लिया। दरअसल, सोमवार को लाजपतनगर मार्केट बंद होता है। पुलिस उस जगह भी पहुंची, जहां से उसने ऑटो लिया था। वहां भी पुलिस को ऐसा कोई सुराग नहीं मिला, जिससे लूट की पुष्टि होती हो। पुलिस ने मोबाइल सीडीआर निकाली तो लोकेशन वसंत कुंज इलाके की मिली। पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की तो उसने सच्चाई उगल दी। उसने बताया कि वह वसंत कुंज के डीएलएफ मॉल गई थी। वहां वह पर्स भूल गई थी। उसमें छह लाख के जेवरात थे। उसे लगा कि पति की डांट सुननी पड़ेगी। इसलिए उसने ऐसी कहानी बनाई। 

पुलिस डीएलएफ मॉल पहुंची तो वहां प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि एक महिला का पर्स छूटा है। पर्स उसका ही निकला। उसमें उसके पूरे जेवरात भी थे। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को भी कब्जे में ले लिया है।

Original Found Here... http://www.jagran.com/news/national-irani-lady-creates-story-of-snatching-infront-her-husband-10646318.html

Tuesday, August 13, 2013

Delhi Faces Terror Threat; LeT Attack Feared


terrorist attack

नई दिल्ली [जासं]। राजधानी को आतंकी हमले से बचाने के लिए दिल्ली पुलिस ने पूरी ताकत झोंक दी है। सूत्रों की मानें तो सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से आगामी दो दिन खासे अहम हैं। 

मंगलवार को पुलिस आयुक्त बीएस बस्सी ने पुलिस मुख्यालय में आला अधिकारियों के साथ बैठक करने के बाद शाह ऑडिटोरियम में राजधानी के सभी एसएचओ की बैठक बुलाई।

पुलिस आयुक्त ने एसएचओ को स्पष्ट निर्देश दिए कि अपने अपने इलाकों में आने वाले मेट्रो व रेलवे स्टेशन, बस अड्डा, मॉल तथा प्रमुख बाजारों में स्वयं जाकर सुरक्षा बंदोबस्त का जायजा लें। इंस्पेक्टर एटीओ [एंटी टेरेरिस्ट ऑपरेशंस] को भी इलाके में जाकर दुकानदारों से संपर्क स्थापित करने तथा आम नागरिकों को जागरुक करने के निर्देश दिए गए हैं। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार आइबी से स्वतंत्रता दिवस एवं गणतंत्र दिवस पर इनपुट तो पहले भी आते रहे हैं, लेकिन इस बार स्थितियां हर बार से अलग हैं। कई मॉड्यूल पकड़े जाने से इंडियन मुजाहिदीन कमजोर हो रहा है। भारत में उसकी कमान संभालने वाली यासीन भटकल तथा पाकिस्तान में बैठे उसके संस्थापक इकबाल व रियाज भटकल बंधु इससे तिलमिलाए हुए हैं।

खुफिया एजेंसियों को अंदेशा है कि लश्कर-ए-तैयबा के इशारे पर इंडियन मुजाहिदीन किसी बड़े आतंकी हमले को अंजाम दे सकता है। हाल में हुआ बोधगया विस्फोट के अभी तक सुलझ ना पाने से भी एजेंसियां चिंतित हैं। विस्फोट करने वाले आतंकी अभी किस शहर में हैं तथा क्या मंसूबे बना रहे हैं यह भी अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। इससे भी खतरा बना हुआ है। पुलिस मुख्यालय में आयोजित आला अधिकारियों की बैठक में पुलिस आयुक्त बस्सी ने निर्देश दिए कि किसी स्तर पर कोई चूक न हो यह सुनिश्चित करने के लिए अधिकारी खुद मौके पर जाएं। मातहतों को उचित दिशा निर्देश देकर राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था फुल प्रूफ करने की कोशिश करें।

इसके अलावा उन्होंने एसएचओ को भी कहा है कि भीड़भाड़ वाले स्थानों पर संदिग्ध व्यक्ति अथवा वस्तु की सूचना में स्थानीय लोगों को मदद के लिए जागरुक करें। बाजारों में बम निरोधक दस्ते व डॉग स्क्वायड की मदद से सघन तलाशी अभियान चलाएं। सुरक्षा में रेहड़ी, पटरी वाले, पान विक्रेता,आटो एवं टैक्सी चालकों को भी जागरुक करें। सुरक्षा के लिहाज से 14 अगस्त दोपहर 2 बजे से सभी मेट्रो स्टेशनों पर पार्किंग बंद करने की घोषणा पुलिस पहले ही कर चुकी है। वहीं बृहस्पतिवार को लालकिले पर आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह की सुरक्षा के लिए पुलिस ने खास इंतजाम किए हैं। पुलिस कमांडो दस्ता व अर्धसैनिक बलों के अलावा एनएसजी दस्ता भी किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैनात रहेगा। पूरे समारोह स्थल पर सीसीटीवी कैमरों की निगरानी के साथ आस पास की इमारतों पर अत्याधुनिक हथियारों से लैस कमांडो तैनात रहेंगे। आइबी व रॉ समेत दिल्ली पुलिस के खुफिया तंत्र ने लाल किला तथा उसके आसपास के इलाके में आज से ही मोर्चा संभाल लिया है। यहां तक कि लालकिले के पीछे की तरफ यमुना खादर में भी पुलिस टीमें गश्त करेंगी।

Original Found Here... http://www.jagran.com/news/national-delhi-faces-terror-threat-let-attack-feared-10646299.html

Freedom Fighters Conveys The Message on the Site


Independence day

नई दिल्ली। देश के 67वें स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर भारत को आजाद कराने में अपना योगदान देने वाले जीवित बचे चुनिंदा आजादी के दीवानों को आप बधाई संदेश भेज सकते हैं। इस मकसद को अंजाम देने का बीड़ा एक वेबसाइट विशपिकर डॉट कॉम ने उठाया है। 

दरअसल ये अनूठा विचार आइआइटी के दो स्नातकों की देन है। इसी साल जनवरी में शुरू होने वाली इस वेबसाइट ने लोगों को अपने जरिए ये सुविधा प्रदान की है। देश के जो बुजुर्ग 90 साल से ऊपर के हो चुके हैं और देश को आजाद करने के लिए ब्रिटिश शासन के दौरान जेल जा चुके हैं या फिर सुभाषचंद्र बोस की इंडियन नेशनल आर्मी का हिस्सा रहे है अन्यथा ब्रिटिश शासनकाल में किसी रेलवे स्टेशन को आग लगा चुके हैं, उन सभी जीवित आंदोलनकारियों तक आपके संदेश पहुंचाए जाएंगे। 

इस वेबसाइट को बनाने वाले अपूर्व बंसल और प्रतीक राठौर ने बताया कि उनकी टीम कुछ ही बचे स्वतंत्रता सेनानियों की तलाश कर उनसे संपर्क साधा। उनकी साहस और त्याग की कहानियां सुनीं। ये सब जानकर उन्हें अहसास हुआ कि उनके बलिदान और योगदान को युवा पीढ़ी भूल चुकी है। इसलिए विशपिकर डॉट कॉम पर इन सेनानियों की कहानियां और तस्वीरें मौजूद होंगी। लोग आनलाइन इस साइट पर आकर अपने संदेश और पिक्चर मैसेज भी भेज सकते हैं। उनकी टीम इन संदेशों को व्यक्तिगत रूप से उन स्वतंत्रता सेनानियों तक पहुंचाएगी और बदले में उनकी तस्वीरें इन ऑनलाइन यूजर्स को उनके जवाबी संदेश के साथ भेजेगी। वेबसाइट पर इन आजादी के दीवानों के इंटरव्यू से लेकर उनसे जुड़ी विभिन्न सामग्रियां मौजूद होंगी। ताकि वह देश की 67वीं वर्षगांठ पर भी विशिष्ट महसूस करें। साथ ही युवा पीढ़ी भी उनके योगदान से भली-भांति परिचित हो।

Original Found Here... http://www.jagran.com/news/national-freedom-fighters-conveys-the-message-on-the-site-10646319.html

18 Missing After Explosion, Fire on Navy Submarine in Mumbai


mumbai

नई दिल्ली [प्रणय उपाध्याय]। स्वदेशी नाभिकीय पनडुब्बी आइएनएस अरिहंत का रिएक्टर चालू होने और देश में बन रहे पहले विमानवाहक पोत आइएनएस विक्रांत की लांचिंग पर खुशियां मना रही भारतीय नौसेना को मंगलवार रात तगड़ा झटका लगा जब मुंबई डॉकयार्ड में उसकी एक पनडुब्बी आइएनएस सिंधुरक्षक में आग लग गई। रूस से तीन महीने पहले ही नए साजो-सामान से लैस होकर आई इस पनडुब्बी में विस्फोटों के बाद लगी आग में 18 नौसैनिकों के मारे जाने की आशंका है। पनडुब्बी का बड़ा हिस्सा पानी में डूब चुका है और बचाव व राहत कार्य जारी हैं।

इस बीच नौसेना प्रमुख एडमिरल डीके जोशी मुंबई रवाना हो गए हैं। नौसेना मुख्यालय के अधिकारियों के अनुसार मुंबई बंदरगाह पर खड़ी किलो श्रेणी की इस पनडुब्बी में लगी आग के बाद 18 नौसैनिक लापता हैं। अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि इन 18 नौसैनिकों में से कोई बचा है या नहीं। देर रात हुए धमाकों के बाद से मुंबई के कोलाबा इलाके स्थित नौसेना डॉकयार्ड में राहत व बचाव कार्य जारी हैं। नौसेना के मुताबिक पनडुब्बी का केवल कुछ हिस्सा ही सतह पर नजर आ रहा है। 

नौसेना मुख्यालय के मुताबिक यह डीजल इलैक्ट्रिक पनडुब्बी मुंबई में किसी तैनाती पर नहीं थी बल्कि वहां केवल खड़ी थी। मंगलवार को आधी रात के करीब हुए इस के हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए नौसेना ने बोर्ड ऑफ इंक्वायरी के आदेश दे दिए हैं। इस दुर्घटना में घायल हुए नौसैनिकों को आइ नौसैनिक अस्पताल ले जाया गया है। नौसेना के गोताखोरों का दस्ता लगाया गया है। 

सूत्रों के मुताबिक आइएनएस सिंधुरक्षक में हुए इस हादसे के वक्त नौसेना की एक दूसरी आइनएस सिंधुरत्‍‌न भी नजदीक खड़ी थी। दुर्घटना में इसे कोई नुकसान हुआ है या नहीं इस बारे में कोई खबर नहीं है। इस बीच स्वतंत्रता दिवस से ऐन पहले नौसेना पनडुब्बी में हुई धमाकों ने सुरक्षा के भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अत्यंत संवेदनशील व सुरक्षित इलाके में इस घटना के तुरंत बाद बांबे पोर्ट ट्रस्ट समेत मुंबई के सभी सामरिक संस्थानों को अलर्ट कर दिया गया है। स्वतंत्रता दिवस से पहले आतंकी हमले की आशंकाओं के बीच मुंबई में पहले ही अलर्ट है। नौसेना डॉकयार्ड प्रतिबंधित क्षेत्र है।

गौरतलब है कि आईएनएस सिंधुरक्षक पनडुब्बी रूस में बनी है। यह अप्रैल में ही रूस के वेजदोज्का शिपयार्ड से अपग्रेड होकर मुंबई लौटी थी। इसका निर्माण सेंट पीटर्सबर्ग में 1997 में किया गया था। 2300 टन वजन वाली पनडुब्बी की कीमत करीब 490 करोड़ रुपये थी। इस पनडुब्बी में 2010 में भी आग लग गई थी। इसमें एक नाविक की मौत हो गई थी। उस वक्त यह विशाखापट्टनम में तैनात थी।

बीते कुछ समय में मुंबई के नौसेना डॉकयार्ड में हादसे की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले जनवरी 2011 में नौसैनिक पोत आईएनएस विंध्यगिरि में लग गई थी आग। इसके बाद 3 नवंबर 2011 को प्रशासनिक इमारत में भी शॉर्टसर्किट के कारण आग लग गई थी।

Original Found Here... http://www.jagran.com/news/national-18-missing-after-explosion-fire-on-navy-submarine-in-mumbai-10646295.html

Modi to Hold BJP's Media Management Workshop in Delhi


Modi

नई दिल्ली। आगामी लोकसभा चुनाव में पीएम पद के प्रबल दावेदार और भाजपा चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष नरेंद्र मोदी पार्टी प्रवक्ताओं को 'बयान' की बारीकियां समझाएंगे। 17 अगस्त को दिल्ली में होने वाली पार्टी मीडिया सेल की कार्यशाला में नरेंद्र मोदी व पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह मौजूद रहेंगे।

लोकसभा चुनावों को देखते हुए भाजपा की मीडिया सेल की कार्यशाला को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसमें पार्टी की राज्य इकाइयों के मीडिया सेल से जुड़े तमाम प्रवक्ताओं व मीडिया प्रभारियों को बुलाया गया है।

प्रवक्ताओं के बयानों में असमानता किसी भी पार्टी के लिए असहज होती है। कार्यशाला में बिहार के करीब दर्जनभर लोग शामिल होंगे।

Original Found Here... http://www.jagran.com/news/national-modi-to-hold-bjps-media-management-workshop-in-delhi-10646297.html

Onion Prices Run As Fast As Milkha


onion

नई दिल्ली [सुरेंद्र प्रसाद सिंह]। चार राज्यों के विधानसभा चुनाव के ठीक पहले प्याज के दाम में लगी आग ने सरकार के होश उड़ा दिए हैं। हालत यह है कि इसकी कीमत कम करने की कोई तरकीब सरकार की समझ में नहीं आ रही है। चुनाव से पहले प्याज के बढ़े दामों का खामियाजा पहले भी सरकारों को भुगतना पड़ा है। प्याज की रोपाई में कमी और कहीं बारिश तो कहीं सूखे के चलते कम से कम अगले दो महीने तक इसकी कीमत में कमी आने के आसार नहीं दिख रहे हैं।

राजधानी दिल्ली में प्याज का खुदरा मूल्य 70 से 80 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया। प्याज की महंगाई के चलते ही वर्ष 1998 में भाजपा को दिल्ली की सत्ता गंवानी पड़ी थी। प्याज फिर उसी राह पर है, जब दिल्ली समेत छत्तीसगढ़, राजस्थान और मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने हैं। इससे राजनीतिक दलों के माथे की सिलवटें मोटी होने लगी हैं। देश की सबसे बड़ी प्याज मंडी नासिक में मंगलवार को प्याज का थोक भाव 50 रुपये और लासलगांव में 45 रुपये प्रति किलो बोला गया। नासिक स्थित राष्ट्रीय प्याज अनुसंधान विकास फाउंडेशन के प्रमुख सीबी होल्कर ने 'दैनिक जागरण' को बताया कि आने वाले दो महीने तक कीमतों के कम होने की संभावना नहीं है। इससे उपभोक्ताओं की तकलीफ बढ़ सकती है।

पिछले साल सूखे की वजह से जहां प्याज का उत्पादन कम हुआ था, वहीं इस साल प्याज की रोपाई का रकबा भी कम रहा है। सितंबर के आखिर और अक्टूबर में आने वाली फसल भी बहुत कम आंकी गई है। आंध्र प्रदेश में प्याज की नई फसल आ गई है। यहां रोजाना डेढ़ सौ ट्रक प्याज निकल रहा है। मगर सारी फसल तमिलनाडु और केरल जा रही है। कर्नाटक में प्याज की नई फसल सितंबर के आखिर तक आनी शुरू होगी, लेकिन वहां फसल अच्छी नहीं है। बारिश से फसल प्रभावित हुई है।

नासिक में प्याज की कीमतें अक्टूबर के पहले सप्ताह तक सामान्य हो सकती है। उस समय तक वहां पूना की फसल की आवक शुरू हो जाएगी। यहां की मंडी में प्याज का स्टॉक जहां सात लाख टन होना चाहिए था, वह घटकर एक लाख टन पर सिमट गया है। केंद्रीय बागवानी आयुक्त डॉक्टर गोरख सिंह को प्याज की कीमतों में आई तेजी का कोई तुक नजर नहीं आता। उनके हिसाब से पैदावार में कोई कमी नहीं है। खरीफ की बुवाई को भी उन्होंने संतोषजनक करार दिया है। वहीं, प्याज कारोबार से जुड़े व्यापारियों के मुताबिक सरकार बिना किसी आकलन के निर्यात के फैसले लेती रहती है। यह उसी का नतीजा है। प्याज की खेती के रकबे और उत्पादन के आंकड़ों पर उन्हें यकीन नहीं है।
  • 13 अगस्त 2012 को भाव
  • प्याज- 16 रुपये किलो
  • टमाटर- 30 रुपये किलो
  • आलू- 20 रुपये किलो
  • दूध- 29 रुपये प्रति लीटर
  • नमक- 13 रुपये किलो
  • 13 अगस्त 2013 को भाव
  • प्याज- 65 से 75 रुपये किलो
  • टमाटर- 44 रुपये किलो
  • आलू- 22 रुपये किलो
  • दूध- 32रुपये प्रति लीटर
  • नमक- 16 रुपये किलो

Original Found Here.. http://www.jagran.com/news/business-onion-prices-run-as-fast-as-milkha-10643454.html

Dumped SAI Preparations A Scare For Indian Medal Prospects

Jitendra Singh

नई दिल्ली। ओलंपिक हों, कॉमनवेल्थ गेम्स हों या फिर एशियन गेम्स..भारत को हर बड़ी प्रतियोगिता में अपने खिलाड़ियों से मेडल चाहिए। स्वर्ण मिल जाए तो बहुत बढि़या, वरना रजत या कांस्य तो मिलना ही चाहिए..क्या यह उम्मीदें जायज हैं? हकीकत पर गौर फरमाएं तो यह उम्मीदें बेइमानी ही नजर आती हैं। केंद्र सरकार ने आज माना है कि भारतीय खेल प्राधिकरण (साइ) और खेल स्टेडियमों में प्रशिक्षकों की कमी है और तो और 1993 से कोचों की भर्ती तक नहीं हुई है। वहीं, खेल मंत्री जितेंद्र सिंह ने भी आने वाले कॉमनवेल्थ गेम्स व एशियन गेम्स की तैयारियों को लेकर नाराजगी जाहिर की है।

युवा मामलों व खेल राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने लोकसभा में कमला देवी और एसएस रामासुब्बू के सवालों के लिखित जवाब में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विभिन्न खेल विधाओं में कोचों की कमी का मुख्य कारण 1993 से साइ में कोचों की भर्ती ना होना है। वहीं, खेल मंत्री ने जब 2014 में ग्लासगो में होने वाले कॉमवेल्थ गेम्स व इंचियोन (सियोल) में होने वाले एशियन गेम्स की तैयारियों का जायजा लिया तो वह भी हताश रह गए। सोमवार को साइ अधिकारियों की बैठक लेते हुए खेल मंत्री जितेंद्र सिंह ने तैयारियों को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की और कुछ ही खेल संघों द्वारा अब तक ट्रेनिंग प्रोग्राम व संभावित पदक विजेताओं की सूची देने पर भी अपनी चिंता व्यक्त की। 

खेल मंत्री ने तो अधिकारियों को कमर कस लेने और तैयारियों में जुट जाने का आदेश जारी कर दिया है लेकिन अब सवाल यही है कि इतने कम समय में कैसे उन खिलाड़ियों को तैयार किया जाएगा जो विश्व स्तर के मंच पर भारत को पदक जिता सकेंगे। 

Original Found Here.. http://www.jagran.com/news/sports-dumped-sai-preparations-a-scare-for-indian-medal-prospects-10625713.html

Gold Rebounds To Hit Four-Month High; Silver Spurts


Gold

नई दिल्ली। विदेश में मजबूती के बीच त्योहारी खरीद के चलते सोने और चांदी में लगातार चौथे सत्र में तेजी जारी रही। इससे स्थानीय सराफा बाजार में सोमवार को पीली धातु फिर से 29 हजार के मनोवैज्ञानिक स्तर को पार कर गई। इस दिन यह 405 रुपये भड़ककर 29 हजार 260 रुपये प्रति दस ग्राम पर बंद हुई। बीते तीन सत्रों में यह 515 रुपये चढ़ी थी। 

इसी तरह औद्योगिक इकाइयों और सिक्का निर्माताओं की लिवाली से चांदी में 1,370 रुपये का तेज उछाल आया और यह 44 हजार 120 रुपये प्रति किलो हो गई। पिछले तीन सत्रों में इसमें 1,150 रुपये का सुधार आया था। चांदी सिक्का भी 2,000 की तेजी के साथ 82000-83000 रुपये प्रति सैकड़ा पर पहुंच गया। सराफा कारोबारियों का कहना है कि त्योहारी खरीद के चलते दोनों कीमती धातुओं की मांग बढ़ रही है। सरकार द्वारा आयात पर अंकुश लगाए जाने से इनकी आपूर्ति मांग के मुकाबले कम है। इसी वजह से इनकी चमक में तेजी आई है। 

ग्लोबल कीमतों में मजबूती का भी असर घरेलू बाजार पर पड़ रहा है। सिंगापुर में सोना बढ़कर 1333.94 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुआ। स्थानीय बाजार में सोना आभूषण के भाव 405 रुपये चमक 29 हजार 60 रुपये प्रति दस ग्राम हो गए। हालांकि, आठ ग्राम वाली गिन्नी मांग के अभाव में 200 रुपये टूटकर 24 हजार 200 रुपये पर आ गई। चांदी साप्ताहिक डिलीवरी 1,320 रुपये के फायदे में 44 हजार 20 रुपये प्रति किलो बोली गई।

Original Found Here... http://www.jagran.com/news/business-gold-rebounds-to-hit-fourmonth-high-silver-spurts-10641566.html

Monday, August 12, 2013

Dhawan Made Several Records But Will Regret Missing Those 20 Runs


Shikhar Dhawan

नई दिल्ली। शिखर धवन भारतीय क्रिकेट के नए 'शिखर पुरुष' बनने की ओर अग्रसर हैं। भारतीय क्रिकेट की नई सनसनी धवन ने सोमवार को प्रिटोरिया में 248 रनों की तूफानी पारी खेलकर लिस्ट ए' (सीमित ओवर के मैच) मैचों में भारत की तरफ से सर्वाधिक व्य1ितगत पारी खेलने का नया रिकॉर्ड बनाया, लेकिन वह विश्व रिकॉर्ड से 20 रन पीछे रह गए। वीरेंद्र सहवाग के नाम वनडे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक पारी में सबसे अधिक रन का रिकॉर्ड बरकरार है, लेकिन 'लिस्ट ए' में अब भारत की तरफ से सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी का रिंकॉर्ड धवन के नाम दर्ज हो गया है। बायें हाथ के इस बल्लेबाज ने अपनी पारी में 150 गेंदों का सामना किया तथा 30 चौके और 7 छक्के लगाए।

सलामी बल्लेबाज धवन ने भारत 'ए' की तरफ से दक्षिण अफ्रीका 'ए' के खिलाफ त्रिकोणीय सीरीज के मैच में यह धुआंधार पारी खेलकर सहवाग के वेस्टइंडीज के खिलाफ 8 दिसंबर, 2011 को इंदौर में बनाए गए 219 रन के रिकॉर्ड को तोड़ा। धवन के पास इंग्लैंड के एलिस्टेयर ब्राउन के 268 रन के रिकॉर्ड को तोडऩे का सुनहरा मौका था, लेकिन वह 45वें ओवर में आउट हो गए। धवन 'लिस्ट ए' मैचों में दोहरा शतक जडऩे वाले 12वें बल्लेबाज हैं। ब्राउन ने दो दोहरे शतक लगाए हैं। इस तरह से 'लिस्ट ए' में 13वीं बार किसी बल्लेबाज ने दोहरा शतक जमाया। धवन, सचिन तेंदुलकर और सहवाग के बाद 'लिस्ट ए' मैचों में दोहरा शतक जडने वाले तीसरे भारतीय बल्लेबाज हैं। धवन ने इसी साल ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 187 रन की धमाकेदार पारी खेलकर टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण किया था। उसके बाद से उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। वह पिछले दिनों आइसीसी चैंपियंस ट्रॉफी में सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज बने थे।

Original Found Here... http://www.jagran.com/cricket/headlines-dhawan-made-several-records-but-will-regret-missing-those-20-runs-10643364.html

Lalu Yadav Gets Shock From SC on Fodder Scam


Fodder scam

नई दिल्ली। चारा घोटाला मामले में आरोपी राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव को सुप्रीम कोर्ट से झटका लगा है। मंगलवार को कोर्ट ने उनकी जज बदलने की अर्जी को सिरे से खारिज कर दिया है। सुप्रीम कोर्ट ने मामले की दलील पूरी करने के लिए 15 दिन का समय दिया है। कोर्ट ने लालू यादव की याचिका खारिज करते हुए कहा कि ट्रायल कोर्ट यह जज नवंबर 2011 से केस की सुनवाई कर रहे हैं। उन्हें उम्मीद है कि किसी तरह का भेदभाव नहीं करेगा।

इससे पहले लालू यादव ने इस मामले में जज बदलने की अर्जी दायर की थी लेकिन कोर्ट ने सभी पक्षों की बहस सुनकर उस वक्त अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था। इस अर्जी में कहा गया था कि जो जज इस मामले की सुनवाई कर रहे हैं वह बिहार के मंत्री के काफी करीबी हैं इसलिए लालू को संदेह है कि इस मामले की निष्पक्ष जांच नहीं होगी। इस दलील के तहत उन्होंने ये अर्जी दायर की थी। लालू प्रसाद ने चारा घोटाले की सुनवाई कर रहे झारखंड के विशेष सीबीआइ जज पर पक्षपाती होने का आरोप लगाते हुए मामले का ट्रायल किसी और जज के पास स्थानांतरित करने की मांग की थी।

गौरतलब है कि झारखंड की अदालत में चल रहे इस मामले में लालू प्रसाद सहित 45 लोग अभियुक्त हैं। आरोप है कि लालू प्रसाद और अन्य अभियुक्तों की मिलीभगत से चाईबासा ट्रेजरी से करीब 35 करोड़ रुपये निकाल लिए गये थे। हाई कोर्ट ने लालू की जज बदलने की मांग खारिज कर दी थी जिसके बाद वे सुप्रीम कोर्ट आए हैं।

Original Found Here.. http://www.jagran.com/news/national-lalu-yadav-gets-shock-from-sc-on-fodder-scam-10643363.html

Delhi on High Alert Before Independence Day


independence day

नई दिल्ली। स्वतंत्रता दिवस से पहले पूरी दिल्ली में सुरक्षाकर्मियों को तैनात कर दिया गया है। कई रास्ते बदल दिए गए हैं, जगह-जगह पुलिस ने बैरियर भी लगा दिए हैं। यह सारा ताम झाम खुफिया एजेंसी द्वारा जारी हाई अलर्ट के बाद किया गया है। यदि आपकी गाड़ी को बार-बार रोका जाए तो आप परेशान न हों। अतिरिक्त कमीश्नर ऑफ पुलिस (ट्रैफिक) अनिल शुक्ला ने कहा कि पड़ोसी राज्यों से दिल्ली में आने वाले सभी निजी और वाणिज्यिक वाहनों की स्पेशल चैकिंग की जा रही है।

इसके अलावा, लाल किला के आसपास सादी वर्दी में दिल्ली पुलिस के लोग, कमांडो, सुरक्षा अधिकारी और बंदूकधारियोंको भी तैनात किया गया है। लाल किला और उसके आसपास के इलाकों में करीब 80 सुरक्षा कंपनियों यानी 6,000 लोगों को तैनात किया गया है। अधिकारी ने कहा कि बंदूकधारियों की एक टुकड़ी, नेशनल सिक्योरिटी गार्ड (एनएसजी) कमांडो के अलावा दिल्ली पुलिस के लोगों को यहां सुरक्षा व्यवस्था में लगाया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि शहर के अलग-अलग हिस्सों और शहर में आने जाने वाली सभी जगहों पर पुलिस की कड़ी सुरक्षा का इंतजाम किया गया है। आज सुबह कई लोगों को रास्ता बदलने और जगह-जगह बैरियर लगने की वजह से परेशानियों का सामना करना पड़ा है। 

Original Found Here.. http://www.jagran.com/news/national-delhi-on-high-alert-before-independence-day-10643354.html

Sunny Leone, Most Searched Indian Celebrity Online

Sunny Leone
नई दिल्ली। अगर आपसे पूछा जाए कि इंटरनेट पर सबसे लोकप्रिय भारतीय सेलेब्रिटी कौन है तो शायद आप शाहरुख खान, सलमान, अमिताभ, कट्रीना या फिर सचिन तेंदुलकर का नाम लेंगे। लेकिन पोर्न स्टार सनी लियोन ने लोकप्रियता के मामले में इन सब सितारों को बहुत पीछे छोड़ दिया है। जून के महीने में सर्च इंजन गूगल पर सनी ही वह भारतीय सेलेब्रिटी थीं, जो सबसे ज्यादा सर्च की गई।

जून महीने में गूगल पर सनी लियोन को 3.5 करोड़ बार सर्च किया गया। एक महीने में कभी किसी भारतीय सेलेब्रिटी को इतनी बार सर्च नहीं किया गया। दूसरे नंबर पर रहने वाली कट्रीना कैफ लोकप्रियता के मामले में सनी से बहुत पीछे रह गई। कट्रीना को सिर्फ 1.15 करोड़ बार ही खोजा गया। 

मजे की बात यह रही कि टॉप 5 में महिला सेलेब्रिटीज का ही दबदबा रहा। टॉप 5 में शामिल रहने वाले सलमान अकेले पुरुष कलाकार हैं। एक हैरानी की बात यह है कि बॉलीवुड के बादशाह माने जाने वाले शाहरुख खान चेन्नई एक्सप्रेस की वजह से भले ही लंबे समय से सुर्खियों में है, लेकिन उन्हें टॉप 10 में भी जगह नहीं मिल पाई। महानायक अमिताभ बच्चन भी इस लिस्ट से गायब रहे।
ऐश्वर्या राय बच्चन ने टॉप 5 में आकर शामिल कर दिया कि शादी हो जाने और बडे़ पर्दे से गायब रहने के बावजूद उनके चाहने वाले कम नहीं हुए हैं। 92 करोड़ सर्च के साथ ऐश पांचवें नंबर पर रहीं।

गूगल पर जून में सबसे ज्यादा सर्च की गई भारतीय सेलेब्रिटीज:

1. सनी लियोन: 3.5 करोड़
2. कट्रीना कैफ : 1.15 करोड़
3. करीना कपूर: 1.15 करोड़
4. सलमान खान: 1.14 करोड़
5. ऐश्वर्या राय बच्चच्: 92 लाख
6. अक्षय कुमार: 67 लाख
7. दीपिका पादुकोण: 66 लाख
8. रणबीर कपूर: 65 लाख
9. आमिर खान: 59 लाख
10. अनुष्का शर्मा: 57 लाख

Original Found Here.. http://www.jagran.com/entertainment/bollywood-sunny-leone-most-searched-indian-celebrity-online-10638443.html

Female Bank First Branch Will Open in Delhi


female bank
नई दिल्ली [जागरण ब्यूरो]। महिला बैंक की पहली शाखा नवंबर में राजधानी दिल्ली में खोली जाएगी। गुरुवार को कैबिनेट ने महिला बैंक खोलने के प्रस्ताव को हरी झंडी दिखा दी। माना जा रहा है कि सरकार अब इस प्रस्ताव पर संसद की भी मंजूरी लेगी। महिला बैंक का पूंजी आधार एक हजार करोड़ रुपये का होगा। इसके लिए पहली अनुपूरक मांग में संसद से आवश्यक मंजूरी ली जाएगी।

वित्त राज्य मंत्री नमो नारायण मीणा ने दो दिन पहले ही राज्यसभा में बताया था कि महिला बैंक के विस्तार के रास्ते में पैसे की अड़चन नहीं आने दी जाएगी। इसका नाम भारतीय महिला बैंक होगा। शुरुआत में इसकी छह शाखाएं खोली जाएंगी। इसे देश के छह हिस्सों में खोला जाना है। बताते चलें कि भारतीय महिला बैंक की स्थापना की घोषणा वित्त मंत्री पी. चिदंबरम ने आम बजट 2013-14 में किया था। 

यह देश में अपनी तरह का पहला बैंक होगा जो सिर्फ महिला ग्राहकों को सेवाएं देगा। इसका उद्देश्य महिलाओं को तरह-तरह की वित्तीय सेवाएं उपलब्ध कराना है। मसलन, महिला उद्यमियों को सस्ती दर व आसान शर्तो पर कर्ज उपलब्ध कराया जाएगा। महिलाओं में बचत को बढ़ावा देने के लिए बैंक की तरफ से विशेष कार्यक्रम चलाया जाएगा।

Posting pictures on Facebook, Twitter unIslamic: Clerics


facebook

नई दिल्ली। भारत की दो प्रमुख इस्लामिक हेल्पलाइनों ने सोशल नेटवर्किग साइट फेसबुक और ट्विटर पर नौजवानों खासकर महिलाओं द्वारा अपना प्रोफाइल बनाने और तस्वीरें पोस्ट करने को गैर इस्लामी करार दिया है।

लखनऊ से संचालित शिया और सुन्नी समुदायों का प्रतिनिधित्व करने वाली इन हेल्पलाइनों पर बड़ी संख्या में यह पूछने के लिए फोन आए हैं कि सोशल मीडिया पर प्रोफाइल बनाना इस्लामिक है या नहीं। सुन्नी मुफ्ती अब्दुल इरफान नईमुल हलीम फिरंगी महली ने कहा कि आप फेसबुक पर किसी की तस्वीर नहीं देख सकते हैं और यह फैसला भी नहीं कर सकते हैं कि आप दोस्ती करना चाहते हैं। प्यार मोहब्बत के लिए फेसबुक फायदेमंद नहीं है। उन्होंने कहा कि नौजवानों को संबंधों के लिए वास्तविक जीवन में देखना चाहिए। इस तरह के बनावटी संबंधों का कोई फायदा नहीं है। मुफ्ती की हेल्पलाइन पर एक महीने में एक हजार फोन कॉल आ चुके हैं। इनमें से आधे फोन इंटरनेट का उपयोग करने के बारे में किए गए थे। 

मुफ्ती महिलाओं के फेसबुक पर प्रोफाइल बनाने व अपनी तस्वीरें पोस्ट करने के खिलाफ हैं। उन्होंने कहा, महिलाओं को फेसबुक या इंटरनेट पर कहीं भी अपनी तस्वीरें पोस्ट नहीं करनी चाहिए। यह गैर मजहबी है। हालांकि उन्होंने व्यवसाय के लिए इंटरनेट के इस्तेमाल को सही बताया है। वहीं अल्पसंख्यक शिया समुदाय के एक मौलवी ने भी मुफ्ती के विचारों का समर्थन किया है। मौलाना सैफ अब्बास नकवी ने कहा, 'महिलाओं को अपने परिवार के मर्दो के सिवाय कहीं भी अपना चेहरा नहीं दिखाना चाहिए। ऐसे में फेसबुक पर तस्वीरें पोस्ट करना हराम है और गैर इस्लामिक है।' उनके मुताबिक, 'हम तालिबान मानसिकता के नहीं, बल्कि उदारवादी हैं। हम युवाओं को फेसबुक अकाउंट बनाने से नहीं रोकते लेकिन शरई कानून में महिलाओं को तस्वीरें पोस्ट करने की इजाजत नहीं है।' इन हेल्पलाइनों पर रमजान के दौरान फेसबुक खोलने को लेकर भी कई सवाल पूछे गए थे।

Original Found Here... http://www.jagran.com/news/national-posting-pictures-on-facebook-twitter-unislamic-clerics-10638471.html?src=gg_home

Namo Found Mother Mary on Twitter


BJP

नई दिल्ली [आशुतोष झा]। जीवन के पचासी वर्ष पूरे कर चुकीं मेरी सिंह बैंस के लिए यह परीकथा के सच साबित होने जैसा है। विदेश में बसे चारों बेटों से ऊपर नरेंद्र मोदी को अपना पांचवा बेटा मानने वाली मिसेज बैंस का सपना रविवार को हैदराबाद में पूरा होगा। जर्मनी से आए ट्विटर पर हासिल हुईं 'मदर मेरी' को गुजरात के मुख्यमंत्री हैदराबाद रैली में विशिष्ट स्थान भी प्रदान कर रहे हैं।

शासन-प्रशासन के बाद अपने चुनावी अभियान में भी सोशल मीडिया का नरेंद्र मोदी भरपूर इस्तेमाल कर रहे हैं। जमीन के साथ-साथ साइबर संसार के जरिये मोदी सिर्फ अपनी बात लोगों तक पहुंचा ही नहीं रहे हैं, बल्कि सीधा संवाद और जुड़ाव भी बना रहे हैं।

जिस समय केंद्र सरकार और कांग्रेस सोशल मीडिया क्षेत्र में अपनी पहुंच मजबूत बनाने में लगी है, तब मोदी ने लोगों के दिमाग के साथ-साथ दिलों में भी जगह बनाना शुरू कर दिया है। 

Original Found Here... http://www.jagran.com/news/national-namo-found-mother-mary-on-twitter-10636733.html

Sunday, August 11, 2013

Modi Takes A Cue From Obama, Chants Yes, We Can


Modi takes


नई दिल्ली। हैदराबाद में रैली की भीड़ देख नरेंद्र मोदी काफी उत्साहित थे। तेलगू में अपनी भाषण की शुरुआत करते हुए मोदी ने नौजवानों के बीच से ओबामा की तरह नारे लगाए। 'यस वी कैन..[हां हम कर सकते हैं], यस वी वील डू [हां हम करेंगे]। इसके अलावा उन्होंने 'भारत माता की जय' और 'वंदे मातरम' के नारे भी लगवाए। 

हालांकि मोदी की यह स्टाइल कांग्रेस को पसंद नहीं आई है। कांग्रेस नेता राशिद अल्वी ने कहा कि मोदी के इस स्टाइल से कोई फायदा नहीं होने वाला है। मोदी की सभा में जो भीड़ दिख रही थी, ऐसी भीड़ किसी चुनावी सभा में नहीं दिखी। समझ नहीं आ रहा है कि ऐसी भीड़ कैसे जुटाई गई। उन्होंने कहा कि कहा से लाए गए लोग कितने पैसे दिए गए। 

भाजपा का चेहरा बने मोदी गुजरात की धरती से निकलकर धीरे-धीरे पूरे देश में अपनी जमीन तैयार करने लगे हैं। इसी क्रम में मोदी ने हैदराबाद में 'नवभारत युवाभेरी' के जरिये नौजवानों को संबोधित किया और कांग्रेसनीत केंद्र सरकार की नाकामियों को गिनाते हुए भविष्य का एक सपना भी दिखाया। देश में शासन, प्रशासन और विकास का मंत्र दिया, तो राजनीतिक लिहाज से पूरी भाजपा और नेतृत्व को एकजुटता में बांधते हुए राजग विस्तार का खाका बनाने की भी कोशिश की। और, अंत में 'यस वी कैन, यस वी विल डू', 'भारत माता की जय' और 'वंदे मातरम' के नारों में रैली में जुटे करीब एक लाख नौजवानों का सुर जोड़कर मिशन-2014 के लिए रणभेरी बजा दी। 

Original Found Here... http://www.jagran.com/news/national-modi-takes-a-cue-from-obama-chants-yes-we-can-10640727.html

Hindi News